सिद्धार्थनगर। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की लापरवाही हादसे को दावत दे रही है। एक प्लेटफाॅर्म से दूसरे पर जाने के लिए यात्री फुट ओवरब्रिज या लिफ्ट का इस्तेमाल करने की बजाय सीधे पटरियों को पार करते हैं। कई बार ट्रेन की आवाजाही के दौरान लोग बाल-बाल बचते हैं या हादसे का शिकार हो जाते हैं।
फुट ओवरब्रिज होने के बावजूद यात्री समय बचाने के लिए शॉर्टकट अपनाते हैं। यह न केवल रेलवे नियमों का उल्लंघन है, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है। स्टेशन पर तैनात आरपीएफ और जीआरपी की मौजूदगी में भी यात्री खुलेआम पटरियां पार कर रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने कई बार यात्रियों को चेतावनी दी है कि पटरियों से गुजरना प्रतिबंधित है, फिर भी यह खतरनाक लापरवाही जारी है।
इससे थोड़ी सी असावधानी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। जबकि कई बार ट्रेन के आने से पहले ही यात्री एक प्लेटफाॅर्म से दूसरे पर आते-जाते हैं, जो खतरनाक साबित हाे सकता है। रेलवे स्टेशन पर सुविधा बढ़ने के बाद भी लोग शाॅर्टकट अपना रहे हैं। जो हादसे का कारण बन रहा है।