लोकसभा में सांसद उठाएंगे बंद रेलवे क्रासिंग का मुद्दा
सिद्धार्थनगर। भीमापार में बंद रेलवे क्रासिंग को खोले जाने की मांग के लिए दूसरे दिन शनिवार को भी लोगों ने अनशन किया। सांसद जगदंबिका पाल अनशन स्थल पर पहुंचे और लोकसभा में मुद्दा उठाते हुए निस्तारण का भरोसा दिलाया। फिर जूस पिलाकर अनशन खत्म कराया।
दरअसल ओवरब्रिज बन जाने के कारण कुछ दिन पूर्व भीमापार रेलवे क्रासिंग को रेलवे की ओर से बंद कर दिया गया। रेलवे क्रासिंग को खोले जाने की मांग के लिए क्षेत्रीय लोगों ने डीएम सहित रेल के अधिकारियों से मिलकर पत्र दिया। उसके बाद शुक्रवार को अनशन पर बैठ गए। दूसरे दिन भी अनशन जारी था। अनशन को खत्म कराने के लिए सांसद जगदंबिका पाल अनशन स्थल पर पहुंचे।
वहां गगन श्रीवास्तव और शुभांगी द्धिवेदी को जूस पिलाकर अनशन यह कहते हुए खत्म कराया कि इस बार लोकसभा में अपना पहला मुद्दा भीमापार रेलवे क्रासिंग का उठाऊंगा। फिर से रेलमंत्री से मिलकर जल्द से जल्द गोरखपुर की तर्ज पर अंडरपास बनवाने की पूरी कोशिश करेंगे।
इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजू सिंह, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विजय चौधरी, राजू चौबे बबलू श्रीवास्तव, पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष श्याम नरायन मौर्य, दयाराम लोधी, संतोष, सुरेंद्र मौर्य, अनिल जायसवाल, कन्हैया मित्तल, विजय यादव, दिनेश, आलोक आदि मौजूद रहे।