संवाद न्यूज एजेंसी
ढेबरुआ। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के ढेबरुआ-बढ़नी मार्ग पर राप्ती मुख्य नहर पुल के पास मधवानगर मोड़ पर पिकअप की टक्कर से बाइक सवार घायल हो गया। उसे पीएचसी बढ़नी और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पिकअप कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम गजेहड़ी उर्फ मधवानगर निवासी विजय शर्मा (46) पुत्र राम नेवास शर्मा नाई का काम करते थे। शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। मधवानगर मोड़ पर ढेबरुआ की ओर से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सूचना पर ढेबरुआ पुलिस मौके पर पहुंची। शनिवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।
मृतक अपने पीछे पत्नी माया देवी (42), तीन बेटियां प्रतीक्षा (17), दीक्षा (15), नेहा (13) तथा एक पुत्र शुभम शर्मा (12) को छोड़ गए हैं। परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एसओ चंद्रकांत पांडेय ने बताया कि शव और पिकअप कब्जे में ले ली गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। र