संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। बांसी नगर क्षेत्र के नरकटहा में इन दिनों बंदरों का आतंक बढ़ गया है, जिससे लोग भयभीत हैं। हालात यह है कि लोग घर से बाहर निकलने से डर रहे हैं। रतन सेन चौराहे के आसपास बंदरों का झुंड रहता है, जो आने-जाने वालों पर हमला कर उन्हें घायल कर दे रहे हैं।
कुछ दिन पहले पशुपति नगर की एक महिला को दौड़ाकर बंदरों के समूह ने घायल कर दिया था, जिससे महिला को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। ताजा घटनाक्रम के अनुसार वार्ड अंबेडकर नगर निवासी रिटायर्ड नायब तहसीलदार मयाराम शर्मा अपने आवास से सुबह के समय मॉर्निग वॉक के लिए रतन सेन चौराहे से इटवा रोड पर जा रहे थे। अचानक बंदरों के एक समूह ने उन पर हमला बोल दिया और काटने लगे। राहगीरों ने मिलकर बंदरों को भगाया।
स्थानीय निवासी राधेश्याम तिवारी ने कहा कि इस चौराहे के आस पास इटवा सड़क पर सुबह के समय रोजाना बंदरों का आतंक बना रहता है। जिससे रतन सेन इंटर काॅलेज के बच्चे भी आतंकित रहते हैं। रतन सेन चौराहे पर फोटो काॅपी की दुकान चलाने वाले आनंद चौधरी ने कहा की प्रतिदिन हम लोग लाठी-डंडा लेकर बैठे रहते हैं। राहगीरों को बंदरों के आतंक से बचाने का प्रयास करते रहते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बंदरों को पकड़ने की मांग की है जिससे राहगीरों को बंदरों के आतंक से मुक्ति मिल सके।