सिलाई करने जा रही बालिका से छेड़खानी
विरोध करने पर पीड़िता के परिजनों को पीटा
भवानीगंज थानाक्षेत्र के एक गांव का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बयारा। भवानीगंज थानाक्षेत्र के एक गांव में सिलाई सीखने जा रही बालिका से छेड़खानी और विरोध जताने पर पीड़िता के परिजनों से मारपीट का मामला सामने आया है। बालिका के परिजन की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी एक 12 वर्षीय लड़की गांव में ही सिलाई सीखने जा रही थी। आरोप है कि गांव के ही तीन लड़के पिछले तीन दिनों से छेड़खानी कर रहे थे। उसने यह बात अपने छोटे भाई को बता कर अपने साथ सिलाई सीखने के लिए ले गई। लौटते समय फिर उन तीनों ने छेड़खानी की। घर पहुंचकर लड़की के भाई ने अपने परिजनों से सारी बात बताई। घरवाले इसकी शिकायत करने उन लड़कों के घर गए। घर पहुंचने पर बातचीत के दौरान धीरे-धीरे विवाद बढ़ गया और उन लोगों ने लड़की के घरवालों के ऊपर ईट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। जिससे कुछ लोगों को चोटें आई है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में थानाध्यक्ष अंजनी कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है।