लखनऊ में आयोजित प्रतियोगिता में हासिल की उपलब्धि
बांसी कोतवाली क्षेत्र के बसंतपुर गांव के टोला घघरवा के निवासी हैं मोहन
संवाद न्यूज एजेंसी
बांसी।
उत्तर प्रदेश स्विमिंग एसोसिएशन द्वारा लखनऊ में आयोजित 38वें सब जूनियर व 53वें जूनियर स्टेट स्विमिंग प्रतियोगिता में जिले के लाल ने 50 मीटर बैक स्ट्रोक में स्वर्ण पदक हासिल किया है। बांसी तहसील क्षेत्र के बसंतपुर गांव के घघरवा टोला निवासी मोहन निषाद पुत्र बलिराम द्वारा रिकॉर्ड 42.54 सेकेंड में यह शानदार जीत हसिल करने पर परिजनों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
मोहन की इस कामयाबी पर स्विमिंग एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अभय प्रताप सिंह ने उसे बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मोहन की सफलता और भी युआओं को तैराकी में भविष्य बनाने के लिए प्रेरित करेगी। मोहन की सफलता से जिले का नाम रोशन हुआ है। कोषाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि इस सफलता के साथ ही मोहन ने ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में होने वाली राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है।
पिता मजदूर... बेटे ने तैराकी में प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में बनाया नया कीर्तिमान
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। तैराकी प्रतियोगित में मोहन निषाद की कामयाबी ने यह साबित कर दिया है कि सफलता पाने में कभी संशाधन आड़े नहीं आते। अगर जज्बा है और कुछ कर गुजरने का जुनून है तो आप मंजिल तक जरूर पहुंचेंगे और आपकी कामयाबी पर दुनिया नाज करेगी।
बांसी तहसील क्षेत्र के बसंतपुर गांव के घघरवा टोला निवासी मोहन इसका बड़ा उदाहरण बनकर उभरा है। एक मजदूर का बेटा होने से स्वीमिंग का खर्च नहीं दे पाने पर नदी को ही स्वीमिंग पूल बनाकर तैरना शुरू कर दिया और दो वर्ष में ही मोहन ने लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में न सिर्फ हिस्सा लिया बल्कि गोल्ड मेडल भी जीत लिया वह भी पुराने रिकार्ड को तोड़ते हुए। यह अकल्पनीय सफलता है ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले किसी खिलाड़ी के लिए।
मोहन के पिता बलिराम और मां मजदूरी करते हैं। जीवन चलाने के लिए यही एक जरिया है। मोहन पिछले साल से ही बांसी के राप्ती नदी में तैराकी सीख रहा था। नौ वर्ष का मोहन का चतुर्थ ग्रुप के अंडर 10 में तैराकी करने के लिए चयन हुआ था। सोमवार को आयोजित 50 मीटर बैक स्ट्रोक में मोहन ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया। इसके साथ ही तैराकी प्रतियोगिता को 42.54 सेकेंड में पूरा कर दिया। इससे पहले यह रिकार्ड 42.78 सेकेंड में गौतम बुद्धनगर के खिलाड़ी के नाम था। नया रिकार्ड बनाने के साथ जिले को पहला गोल्ड मेडल भी प्राप्त हुआ। प्रतियोगिता में नया रिकार्ड बनाने पर प्रशिक्षक दौलत बाबू गुप्ता ने कहा कि जिले को पहला गोल्ड मिला है। इससे अन्य तैराकों में मेहनत करने का एक नया जज्बा बनेगा।