बांसी के राप्ती नदी के तट पर बाढ़ से बचाव और प्रबंधन का तरीका बताते एनडीआरएफ की टीम। संवाद
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी संजीव रंजन की मौजूदगी में बृहस्पतिवार को राप्ती नदी के तट पर बांसी में एनडीआरएफ टीम व जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण ने संयुक्त रूप से मॉकड्रिल की। इस अवसर पर स्कूली बच्चों को बाढ़ प्रबंधन व बाढ़ से बचाव का तरीका बताया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में मॉकड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। एनडीआरएफ टीम व जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण की ओर से आपात स्थिति से निपटने के लिए घरेलू सामानों से बचाव के उपकरण के बारे में जानकारी दी गई। बांसी नगर के रानी मोहभक्त लक्ष्मी घाट के पर स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दी गई कि नदी में भयंकर बाढ़ आ गयी है। जिससे बाढ़ का पानी प्रवेश करना प्रारंभ हो गया है। सूचना की स्थिति को देखते हुए जिला कंट्रोल रूम को अवगत कराया गया है। लगभग 50 मिनट में पूरी आपदा की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए पहुंच गई। बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य युद्ध स्तर पर किया गया। एनडीआरएफ की टीम ने लोगों को घर में उपलब्ध संसाधनों से इम्प्रोमाइज राफ्ट बनाने व इसका प्रयोग करने का तरीका भी बताया। अंत में जिलाधिकारी संजीव रंजन ने राप्ती नदी के तट पर पौधरोपण किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जयेंद्र कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष चमन आरा राईनी, सीओ देवी गुलाम, आपदा विशेषज्ञ पुष्पांजली, एनडीआरएफ आपदा मित्र सखी सहित सभी विभागों के अधिकारी व कई विद्यालयों के बच्चे मौजूद रहे।