बीएसए कार्यालय में जारी की गई सहायक अध्यापकों की सूची।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। जिले के परिषदीय स्कूलों में सहायक अध्यापक बनने के लिए नरेंद्र मोदी और अमिताभ बच्चन ने भी आवेदन किया है। सर्वोच्च अंकों के साथ इनका नाम चयन सूची में शीर्ष पर रखा गया है। यकीन नहीं आता तो बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शनिवार को जिले में जारी सहायक अध्यापकों की पात्रता सूची देख लीजिए। विजुअली इंपायर्ड श्रेणी की चयन सूची में नरेंद्र मोदी का नाम पहले स्थान पर है। इनके पिता अमिताभ बच्चन हैं। दूसरे नंबर पर अमिताभ बच्चन का नाम है, जो हरिवंश राय बच्चन के पुत्र हैं। दो प्रमुख शख्सियतों के नाम सहायक अध्यापकों की चयन सूची में आने से हर कोई सकते में है।
प्रदेश में 12460 सहायक अध्यापकों के चयन के लिए शनिवार को पात्रता सूची प्रकाशित हुई। बीएसए कार्यालय परिसर में चस्पा विजुअली इंपायर्ड श्रेणी की सूची पर लोगों की नजर गई तो सकते में आ गए। सूची में पहले पायदान पर नरेंद्र मोदी का नाम दर्ज है। 20 अप्रैल 1980 की जन्मतिथि वाले इस शख्स के पिता अमिताभ बच्चन हैं। जाति अनुसूचित दर्शाई गई है, जबकि प्रशिक्षण योग्यता में विशिष्ट बीटीसी अंकित है। इसी सूची में दूसरे नंबर पर अमिताभ बच्चन पुत्र हरिवंश राय बच्चन का नाम शामिल हैं, जिनकी जन्मतिथि 5 जुलाई 1985 दर्शाई गई है।
अमिताभ सामान्य श्रेणी के हैं। सूची में सिर्फ यही दो नाम अटपटे नहीं है, बल्कि आधा दर्जन से अधिक ऐसे नाम शामिल हैं, जिनके नाम, पता और पहचान स्पष्ट नहीं हैं। उनके नाम के आगे कहीं सीसी अंकित है तो कहीं आईयूवाईयूवाई लिखे हैं। विसंगतियों से भरी सूची को देख अभ्यर्थी हैरान हैं तो उससे ज्यादा हैरानी जिम्मेदारों के बयान को लेकर है।
बीएसए अरविंद कुमार पाठक का कहना था कि सूची निदेशालय स्तर पर तैयार होती है। ऑनलाइन आवेदन तो कोई कर सकता है। तय शर्तों के आधार पर जिसके अंक अधिक होंगे, उसके नाम सूची में शामिल कर लिए गए होंगे। चयन अभिलेखों की जांच के बाद ही होगा। गड़बड़ी के बारे में पता कराते हैं। हालांकि अंतिम सूची चस्पा करने से पहले अटपटे और अधूरे नाम व पता में सुधार के बाबत उनके पास कोई जवाब नहीं था।