- बांसी कोतवाली क्षेत्र के फजिहतवा नाले में उतराता मिला शव
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जोगिया कोतवाली क्षेत्र के फजिहतवा नाले में उतराता हुआ एक युवती का शव मिला। दो थाने की सीमा हाेने के कारण जोगिया और बांसी कोतवाल मौके पर पहुंच गए। इसके बाद लाश को बाहर निकलवाया। जोगिया पुलिस ने लाश का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लापता होने के मामले में 17 अप्रैल को बांसी पुलिस ने केस दर्ज किया था और मामले की जांच कर रही थी।
बांसी कोतवाली क्षेत्र के खम्हरिया बुजुर्ग गांव निवासी नीलम (19) पुत्री सुखई 17 अप्रैल को संदिग्ध हाल में लापता हो गई। इसके बाद पिता सुखई बांसी कोतवाली पहु़ंचे और घटना की जानकारी दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी। जांच चल रही थी कि इसी बीच फजिहतवा नाले में उसका उतराता हुआ शव मिला। शव मिलने की जानकारी पर कोतवाल बांसी संतोष कुमार तिवारी और एसओ जोगिया अनूप कुमार मिश्र मौके पर पहुंच गए। जांच में पाया गया कि शव जोगिया कोतवाली क्षेत्र में है। इसलिए जोगिया पुलिस ने लाश को बाहर निकलवाया और पिता से पहचान कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में एसओ जोगिया अनूप कुमार मिश्र ने बताया कि मृतका के गुम होने के मामले में 17 अप्रैल को ही बांसी कोतवाली में मुकदमा दर्ज है। लाश का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।