जोगिया। कटहना से लखनापार तक जाने वाली माइनर नहर की अब तक सफाई नहीं हो सकी है। नवंबर माह समाप्त होने को है और किसान गेहूं की बुआई के साथ सिंचाई की तैयारी में जुटे हैं। ऐसे में नहर की सफाई नहीं होने और पानी नहीं पहुंचने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। उन्हें फसलों की सिंचाई के लिए दूसरे संसाधनों पर निर्भर होना पड़ सकता है।
इस माइनर से कटहना, सोनौरा, नादेपार, मजिगवां, टिकरिया, भिटिया राजा, कोरापार, उदयपुर, जोगिया और लखनापार समेत आसपास के गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलता है। किसानों का कहना है कि समय से नहर की सफाई हो जाती तो खेतों तक पानी पहुंचने में सहूलियत होती लेकिन अब तक सफाई नहीं होने से सिंचाई को लेकर असमंजस बना हुआ है। कोरापार निवासी किसान रामनेवास ने बताया कि नहर की सफाई नहीं होने से खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। जोगिया निवासी बहादुर ने बताया कि इस नहर से करीब सौ गांवों के किसान जुड़े हैं। अब तक न तो नहर की सफाई हुई है और न ही पानी छोड़ा गया है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नहर विभाग के जेई सियाराम प्रजापति ने बताया कि माइनर की जल्द सफाई कराई जाएगी।