ककरहवा। मोहाना थाना क्षेत्र के पिपरहवा में हुई मुकेश गुप्ता की हत्या के बाद मंगलवार को उत्तर प्रदेश के नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर मृतक के आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार के लोगों से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त की और हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
मंत्री राकेश राठौर ने घटना को अत्यंत दुखद और निंदनीय बताते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि इस जघन्य हत्याकांड को वह मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे, ताकि पीड़ित परिवार को हर स्तर पर न्याय मिल सके। इस दौरान मंत्री राकेश राठौर ने मृतक के पिता रामदेव को एक लाख रुपये की चेक देकर आर्थिक सहायता भी प्रदान की। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री के आगमन के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।
इसके बाद नगर विकास मंत्री राकेश राठौर नेपाल स्थित गौतम बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी पहुंचे। वहां मंत्री का नेपाल के पूर्व मंत्री व लुंबिनी से विधायक चंद्रकेश गुप्ता ने स्वागत किया। मंत्री राठौर ने बुद्ध जन्मस्थली मायादेवी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर बुद्ध के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की और विश्व शांति और जनकल्याण की कामना की। इस दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों के बीच भारत-नेपाल के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों पर भी चर्चा हुई।