ढेबरूआ के प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण करने पहुंचे शिक्षा मंत्री डा. सतीश द्विवेदी।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
विद्युत बिल में गड़बड़ी की शिकायत पर भड़के मंत्री
इटवा। इटवा के पीडब्ल्यूडी के डाक बंगले पर जनसमस्याओं को लेकर सुनवाई कर रहे बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी सोनौली नानकार से आई दर्जनों महिलाओं के बिजली बिलों में गड़बड़ी देखकर एसडीओ विद्युत को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि इन उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार को बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इसी दौरान सैकड़ों की संख्या में आए फरियादियों मेें दर्जनों महिलाएं भी थी। भारी बूंदाबांदी के बीच ग्राम पंचायत सोनौली नानकार से ज्योतिमा, तेज प्रताप, रंजनी, ज्ञानमती, केतकी, निर्मला, लालजी, मदनलाल, किशन सहित दर्जनों महिलाएं व पुरुषों ने बताया कि जिन घरों में दो अथवा तीन बल्ब लगे हैं। उनका पांच हजार रुपये से अधिक का बिल भेजा गया है। उनकी इन बातों से मंत्री का पारा चढ़ गया। कई बार प्रयास के बाद एसडीओ विद्युत इटवा ने फोन रिसीव की। फोन पर बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी ने कड़ी नाराजगी जताई। साथ ही उपभोक्ताओ की समस्याओं के निदान का निर्देश दिया। उन्होंने अपने प्रतिनिधि डीएन त्रिपाठी को विद्युत आपूर्ति केंद्र इटवा पर जाकर इन उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान कराने को कहा। इस संबंध मे मंत्री के प्रतिनिधि डी एन त्रिपाठी का कहना है कि एसडीओ विद्युत ने सारे उपभोक्ताओं के बिलों को ले लिया है और शीघ्र ही निस्तारण कराने का आश्वासन दिया है।