सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के सोनखर गांव के भानू प्रताप (55) की संदिग्ध हालात में मंगलवार को मुंबई में मौत हो गई। सूचना गांव में पहुंचते ही कोहराम मच गया। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन उसे लेकर मुंबई से रवाना हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के सोनखर गांव निवासी शिव कुमार ने बताया मृतक भानू प्रताप (55) मुंबई में रहकर मेहनत मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करते थे। भानू प्रताप प्रतिदिन की तरह काम धंधा कर मुंबई के माहिम कस्बे में अपने कमरे पर खाना खाकर सो गए। भोर में अचानक उनकी तबियत बिगड़ी, जहां निवास करने वाले उनके पट्टीदार समेत गांव के कुछ लोगों को सूचना दी। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी कस्तूरबा गांधी अस्पताल में ले जाया गया, जहां करीब एक घंटे की इलाज के दौरान भानू प्रताप ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने फिलहाल ब्लड फ्रेशर का अचानक कम हो जाना और हृदयगति रुक जाने के चलते उनकी मौत होने की जानकारी दी है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद गांव के कुछ लोग और उनके परिजन घर ला रहे हैं।