प्रदेश में बढ़ रहे कांग्रेस के सदस्य
- जिला कार्यालय में हुई बैठक में बोले पार्टी के चुनाव अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कांग्रेस के जिला कार्यालय में रविवार को पार्टी के चुनाव अधिकारी श्रीराम गिडलानी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इस मौके पर गिडलानी ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के सदस्यों की संख्या बढ़ रही है। लोग भाजपा की जन विरोधी नीतियों से परेशान हैं।
गिडलानी ने कहा कि कांग्रेस ने पिछले दिनों पूरे देश में सदस्यता अभियान चलाया था, जिसमें बूथ स्तर के प्रतिनिधि चुने गए। संगठन को मजबूत करने में चुने गए बूथ प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद ने कहा कि जिले में 50 हजार नए सदस्य बने हैं, जो कीर्तिमान है।
डॉ. चंद्रेश उपाध्याय ने कहा कि भाजपा महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने में लगी है। पूर्व सांसद मोहम्मद मुकीम ने कहा कि सिद्धार्थनगर में पार्टी मजबूती से काम कर रही है। बैठक को अरशद खुर्शीद, किरन शुक्ला, रंजना मिश्रा, डॉ. नादिर सलाम, सतीश चंद्र त्रिपाठी, सादिक अहमद एवं कृष्ण बहादुर सिंह ने भी संबोधित किया। इस दौरान दीपक यदुवंशी, मैनुद्दीन खान, अनिल सिंह अन्नू मौजूद रहे।