फोटो- सिद्धार्थ विश्वविद्यालय: विद्या परिषद की बैठक में दीक्षांत समारोह के प्रस्तावों पर लगी मुहर
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिवलस्तु में एक दिसंबर को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में सात छात्र-छात्राओं को पीएचडी डिग्री मिलेगी। विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में पहली बार पीएचडी की डिग्री वितरित की जाएगी। 46 छात्र-छात्राओं को राज्यपाल के हाथों स्वर्ण पदक प्राप्त होगा।
विश्वविद्यालय में बुधवार को हुई विद्या परिषद की बैठक में दीक्षांत समारोह से जुड़े प्रस्तावों पर मुहर लगी। परीक्षा समिति व विद्या परिषद की बैठक में पास हुए प्रस्ताव कार्य परिषद की बैठक में प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्य परिषद की बैठक में स्वीकृति मिलने के बाद दीक्षांत समारोह होगा।
विद्या परिषद की बैठक में कुलपति प्रो. हरि बहादुर श्रीवास्तव ने कहा कि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में पहली पीएचडी की डिग्री वितरित की जाएगी।
बैठक में कुलसचिव अमरेंद्र कुमार सिंह, मुख्य नियंता प्रो. दीपक मिश्रा, प्रो. अरविंद कुमार सिंह, डॉ. सत्येंद्र दुबे, डॉ. नीता यादव, डॉ. निदेश गुप्ता, डॉ. बृजेश तिवारी मौजूद थे।
नाराज हुए कुलपति, बाद में हुई बैठक
विश्वविद्यालय में दोपहर 12.30 बजे विद्या परिषद की बैठक प्रस्तावित थी और उसके बाद दोपहर 1.30 बजे परीक्षा समिति की बैठक होनी थी। विद्या परिषद की बैठक शुरू हाेते ही एक सदस्य शिक्षक ने सवाल उठाया कि परीक्षा समिति में स्वीकृत प्रस्ताव को विद्या परिषद में प्रस्तुत करने का नियम है। बिना परीक्षा समिति की बैठक के विद्या परिषद की बैठक आयोजित की जा रही है ? इस बात पर कुलपति प्रो. हरि बहादुर श्रीवास्तव नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि अब विद्या परिषद की बैठक पांच होगी। उसके बाद परीक्षा समिति की बैठक हुई और दोपहर 3 बजे से विद्या परिषद की बैठक शुरू की गई। इस मामले में कुलसचिव अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों बैठक में समान एजेंडा था। विद्या परिषद की बैठक पहले आयोजित की गई थी,लेकिन
कुलपति के निर्देश के अनुसार बाद में विद्या परिषद की बैठक दोपहर 3 बजे की गई।