किसानों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही न करें : डीएम
- विकास भवन के अंबेडकर सभागार में किसान दिवस का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई करते हुए उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण करें, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। ये बातें जिलाधिकारी संजीव रंजन ने विकास भवन के डॉ. अंबेडकर सभागार में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में कही।
जिलाधिकारी संजीव रंजन ने किसान दिवस में उपस्थित किसानों की समस्याओं को सुना एवं उनके निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी जयेंद्र कुमार ने एआर कोआपरेटिव को सोसाइटी का निरीक्षण करने का निर्देश दिया।
जिला कृषि अधिकारी सीपी सिंह बताया कि जनपद में खाद उपलब्ध है। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को खेती करने के बारे में जानकारी दी। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता ड्रेनेज खंड को निर्देश दिया कि नहरों में पानी की उपलब्धता रहे। जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों को संबधित अधिकारियों को प्रेषित करके उनका समयबद्ध निस्तारण कने का निर्देश दिया। इस दौरान डिप्टी आरएमओ, भूमि संरक्षण अधिकारी उपस्थित रहे।
भाकियू ने की समस्या के समाधान की मांग की
किसान दिवस पर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के जिला महासचिव राकेश कुमार श्रीवास्तव, प्रदीप कुमार, उपेंद्र कुुमार यादव, पवन कुमार श्रीवास्तव, मो. इस्लाम, सुशीला, घनश्याम व राजराम लोधी ने डीएम को पत्रक देकर किसानों की समस्या के निस्तारण की मांग की। उन्होंने बारिश न होने से जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने समेत 23 समस्याओं के निदान की मांग की।