सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के कस्बा हल्लौर स्थित महान सूफी संत सैयद शाह अब्दूर्रसूल उर्फ मीरा बाबा का दो दिवसीय सालाना उर्स सोमवार से शुरू होगा। हिंदू-मुस्लिम दोनों समुदाय के लोगों के लिए यह अटूट आस्था और श्रद्धा का केंद्र है। इसमें बस्ती मंडल के साथ पूर्वांचल के कई जिलों से भारी संख्या में अकीदतमंद जुटेंगे।
उर्स को लेकर मजार की सफाई और सजावट का काम पूरा कर लिया गया है। वहां पर मिठाई, लाई गट्टा, सहित खाद्य सामग्रियों की कतारबद्ध दुकानें रविवार की देर शाम से ही सजनी शुरू हो गईं। दो दिवसीय उर्स के दौरान कार्यक्रम की शुरुआत कुरान ख्वानी से होगी। मजार पर चादर चढ़ाने और फातिहा का सिलसिला सुबह से शुरू होकर देर रात तक चलेगा। लंगर में सैकड़ों लोग भोजन करेंगे।