संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। सावन माह का आगाज शुक्रवार से शुरू हो रहा है। भोले बाबा को जलाभिषेक करने के लिए नगर व आसपास के सभी शिव मंदिरों की सफाई की गई। बिजली के झालरों व रंगबिरंगे फूलों से बाबा का दरबार सजाया गया है। बृहस्पतिवार को अध्यक्ष उमा अग्रवाल ने सभी मांस विक्रेताओं को निर्देश दिए कि सावन माह तक कांवड़ यात्रा व मंदिर जाने वाले मार्ग में कोई भी दुकानदार जानवरों को काटकर खुले में मांस की बिक्री नहीं करेगा।
ईओ सचिन कुमार ने कहा कि नगर व मंदिर के आसपास सफाई व चूना का छिड़काव कराया गया है। नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने के लिए एक टीम गठित की गई है। ईओ ने कहा कि बूचड़ मंडी लगभग तैयार है। कुछ कार्य शेष हैं, जल्द ही वह भी पूरे हो जाएंगे और मांस बेचने वाले सभी दुकानदारों को दुकानें आवंटित कर दी जाएंगी। जब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं होता है तब तक सड़क व गली में जानवरों को काटकर मांस की बिक्री करने वाले सभी दुकानदार वहीं दुकान लगाएंगे। कोई भी दुकानदार सार्वजनिक स्थानों पर मांस की बिक्री करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ईओ ने ठेला दुकानदारों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा व मंदिर जाने वाले मार्ग की पटरियों पर ठेला वाहन व दुकान नहीं लगाएगा। इस दौरान लिपिक राजेश कुमार तिवारी, श्रीनिवास बीडी कसौधन, मलखाना आर्य, मनोज कुमार कमलेश गुप्ता, आशीष कुमार आदि मौजूद रहे।