30 तक होगा श्रमिकों का पंजीकरण
इटवा ब्लॉक सभागार में आयोजित हुई बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
इटवा। केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं में शामिल श्रमिक 30 नवंबर तक पंजीकरण अवश्य करा लें इस दौरान पंजीकरण कराने वाले श्रमिकों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके लिए फॉर्म ग्राम सचिवों के पास उपलब्ध हैं। यह बातें बृहस्पतिवार को इटवा ब्लॉक सभागार में आयोजित श्रमिक पंजीकरण शिविर में आए सांसद जगदंबिका पाल ने कही। उन्होंने कहा कि आज केंद्र व प्रदेश सरकार की तरफ से श्रमिकों के हितों के लिए लगभग 40 योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिनमें कार्य करने वाले श्रमिक निर्माण श्रमिक माने जाएंगे। इनमें वेल्डिंग का कार्य, बढ़ई, राजमिस्त्री का कार्य, प्लंबरिंग, लोहार, मोजैक पालिश, सड़क निर्माण, टाइल्स लगाने आदि के कार्य प्रमुख हैं। सीडीओ पुलकित गर्ग ने कहा कि इटवा ब्लॉक को 3600 व खुनियांव को 4000 श्रमिकों के पंजीकरण का लक्ष्य दिया गया है। इनके पंजीकरण के कार्य में कोई असुविधा न हो। इसके लिए सभी सचिवों की अगुवाई में आयोजित शिविर में श्रमिकों के फॉर्म भरने में सहयोग के लिए अलग-अलग स्टॉल लगाए गए हैं। एसडीएम इटवा उत्कर्ष श्रीवास्तव ने कहा कि विगत 12 माह में कुल 90 दिनों तक कार्य करने वाले 18 से 60 वर्ष के सभी श्रमिक निर्माण श्रमिक माने जाएंगे। बीडीओ सतीश पांडेय ने कहा कि निर्माण श्रमिक पंजीयन फॉर्म के साथ एक फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छाया प्रति व निर्माण श्रमिक के रूप में 90 दिनों तक कार्य करने का स्व-घोषणा प्रमाण पत्र के साथ अपने फॉर्म 30 नवंबर तक श्रमिक निशुल्क जमा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिविर में अभी तक लगभग 200 से ऊपर श्रमिकों का पंजीकरण फॉर्म जमा हो चुका है। इस दौरान श्रम विभाग, विकास खंड इटवा के कर्मचारियों, अधिकारियों के अलावा भाजपा नेता रामकृपाल चौधरी, रामनिवास उपाध्याय, बाल मुकुंद पांडेय, पंकज सिंह, सुनील पांडेय, माधव यादव आदि मौजूद रहे।