सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में सिद्धार्थ सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि 22 फरवरी को रतनसेन डिग्री कॉलेज बांसी में 382 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। डीएम ने अफसरों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के दौरान सामान वितरण की सूची का बैनर लगवाया जाए, सभी जोड़ों को समान समय पर मिले। वर-वधू के परिजनों के बैठने, पार्किंग और सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि कार्यक्रम सकुशल संपन्न हो। प्रत्येक जोड़े के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से 60 हजार रुपये दिए जाएंगे। 25 हजार रुपये मूल्य के सामान और 15 हजार रुपये बरात के स्वागत पर खर्च किए जाएंगे।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी बांसी निखिल चक्रवर्ती, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।