पति और सास पर जहर देकर मारने का आरोप, केस दर्ज
इटवा थाना क्षेत्र के ग्राम सकतपुर का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
इटवा। स्थानीय थाना क्षेत्र में विवाहिता की मौत के बाद, मायके पक्ष के लोगों ने पति व सास पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। मृतका मीना के पिता त्रिवेणी निवासी ग्राम सकतपुर की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
तहरीर में त्रिवेणी ने बताया कि उनकी बेटी मीना की शादी थाना क्षेत्र के ही ग्राम ऊंचडीह निवासी पुजारी पुत्र नेबूलाल से वर्ष 2017 में हुई थी। पुजारी दो दिन पूर्व ही मुंबई से घर आया था। सोमवार को अचानक मीना की तबीयत बिगड़ी तो परिजन उसे सीएचसी इटवा ले गए, जहां रात करीब आठ बजे उसकी मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलने पर सीओ इटवा, नायब तहसीलदार की मौजूदगी में जिले से आई फोरेंसिक टीम ने मृतका के घर पहुंचकर जानकारी ली। इस संबंध में एसओ संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है, रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।