-शोहरतगढ़ नगर पंचायत की ओर से तीन साल पहले कस्बे में शुरू किया गया था विवाह घर बनाने का कार्य
-तीन साल में नहीं बन पाया भवन, शादी के लिए मैरिज हॉल में जाते हैं लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। नगर पंचायत में पिछले पांच वर्षों में कौन-कौन से विकास कार्य हुए इसकी जानकारी देने वाला कोई नहीं है। श्रीरामजानकी मंदिर के बगल में निर्मित हो रहे विवाह घर व शापिंग कॉम्पलेक्स का कार्य अधर में लटका पड़ा है। चार वर्ष हो गए अभी तक यह पूरा नहीं हो सके हैं। चेयरमैन उमा अग्रवाल ने समीक्षा कर जल्द से जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। ईओ ने 6 जुलाई को ठेकेदार को प्रोजेक्ट पूरा करने का निर्देश देते हुए चेतावनी दी है कि दिए गए अवधि के अंदर कार्य पूर्ण नहीं हुआ तो ब्लैकलिस्ट कर कार्रवाई की जाएगी।
नगर पंचायत में 7.29 करोड़ की लागत से विवाह घर व शापिंग कॉम्पलेक्स बन रहा है। 2019 में शासन ने प्रोजेक्ट को स्वीकृति दी थी। 15 फरवरी 2020 को शिवम ट्रेडर्स के मालिक सूरज कुमार के नाम टेंडर पास हुआ था। 7 मई 2020 को पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन बबिता कसौधन ने इसका शिलान्यास किया था। नगर विकास निधि व राज्य वित्त से स्वीकृति कराई गई थी।
4.48 करोड़ का भुगतान हो गया है। शेष राशि 2.81 करोड़ से विवाह घर व शापिंग कॉम्पलेक्स का निर्माण होना था। ठेकेदार को इसे 2022 के अंदर पूरा करना था, लेकिन 2024 में भी कार्य पूरा नहीं हो सका है। ग्राउंड से लेकर चार तल तक बहुत से कार्य अधूरे हैं। कस्बे वासियों को इस साल के लगन में भी इसका लाभ नहीं मिलने वाला है। सोमवार को पड़ताल में यहां मजदूर काम करते मिले। लेकिन कोई जिम्मेदार मौके पर नहीं दिखा।
बोले लोग
शोहरतगढ़ नगरवासियों को शादी-विवाह के लिए महंगा होटल बुक करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। विवाह घर व शापिंग कॉम्पलेक्स का कार्य पूर्ण होता तो, सहूलियत मिलती। ठेकेदार दो साल के प्रोजेक्ट को चार वर्ष में पूर्ण नहीं करवा पाया, इसके विरुद्ध नगर पंचायत प्रशासन की ओर कार्रवाई करनी चाहिए।
अभिषेक गिरी, कस्बा निवासी
-
पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन ने जब शिलान्यास किया था तो उम्मीद थी कि यह सुविधा शीघ्र मिलने लगेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ठेकेदार की मनमानी से कार्य अपूर्ण है।
- शुभम गौड़, कस्बा निवासी
-
बोले जिम्मेदार
विवाह घर व शापिंग कॉम्पलेक्स का कार्य दिए गए समय में ठेकेदार पूरा नहीं करवा पाया। अभी बिल्डिंग बिजली, लिफ्ट, सजावट, चतुर्थ फ्लोर का पूरा कार्य बाकी है। फर्श, प्लास्टर सहित आदि कार्य अपूर्ण है। ठेकेदार को एक समय अवधि देकर 6 जुलाई को नोटिस दिया गया है। कार्य पूर्ण नहीं हुए तो ब्लैकलिस्ट कर कार्रवाई की जाएगी।
-ईओ अजय कुमार, शोहरतगढ़