: बाजारों में महिलाओं के स्वागत के लिए दुकानदारों ने की तैयारी
: कपड़े, ज्वैलरी की दुकानों के साथ ही ब्यूटी पार्लर पर भी लग रही भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। करवाचौथ के चलते बाजार महिलाओं के स्वागत और खरीदारी के लिए पूरी तरह से सज चुके हैं। शहर के बाजार में कपड़े व ज्लैवरी की दुकानें में नई-नई वैरायटी के आइटम सजाकर रखे गए हैं। वहीं ग्राहकों को नए-नए ऑफर भी दिए जा रहे हैं। खरीदारी करने के लिए महिलाओं का बाजार में आना शुरू हो चुका है।
करवाचौथ की खरीदारी करने वाली महिलाओं के स्वागत के लिए बाजार पूरी तरह से सज गए हैं। शहर की पुरानी सब्जी मंडी स्थित कपड़े एवं मुख्य मार्ग पर स्थित ज्वैलरी की दुकानों में नई-नई वैरायटी को उपहार तैयार कर डिस्पले में लगा दिए गए हैं। इनके द्वारा ग्राहकों काे लुभाने के लिए नए-नए ऑफर भी दिए जा रहे हैं। ज्वैलरी से लेकर कपड़े मेकअप सामग्री सभी की बिक्री में इजाफा होने लगा है। खरीदारी करने के लिए महिलाएं पूरे उत्साह के साथ बाजारों पहुंच रही हैं।
करवाचौथ पर बाजार में उतारी गई लाइट वेट ज्वैलरी ग्राहकों को आकर्षित कर रही है। सिल्क आभूषण भी पसंद किया जा रहा है। इसमें भी पाजेब, ब्रेसलेट, चांदी और सोना दोनों में ही उपलब्ध हैं। पर्व को लेकर शहर के विभिन्न ब्यूटी पार्लरों में महिलाओं को सजने-संवरने के लिए आने का सिलसिला शुरू हो चुका है।
ब्यूटी पार्लरों में भी स्पेशल पैकेज
शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थित ब्यूटी पार्लरों में भी स्पेशल पैकेज हैं, जिनमें पैडीक्योर, मैनीक्योर, फेशियल शामिल है। कई ब्यूटी पार्लर ने अपने स्पेशल पैकेज के रेट पर स्पेशल छूट दी है। कई ब्यूटी पार्लर ने अपने स्पेशल पैकेज के रेट पर छूट घोषित की है। इसके अलावा मेंहदी लगवाने के लिए महिलाओं द्वारा एडवांस में बुकिंग कराई जा रही है।
-
बाजार में आईं तरह-तरह की साड़ियां
बाजार में शिफान, जार्जेट अथवा नेट वर्क, ब्रासो, ब्रोकेट, क्रेप की साड़ियां बाजार में इन दिनों विभिन्न टीवी सीरियलों की महिला किरदारों के नाम से मिल रही हैं। वहीं बनारसी, हैदराबादी व लुधियाना की साड़ियों की खास मांग है। दुकानों पर महिलाएं लेटेस्ट फैशन के बारे में सीरियलों से जानकारी लेती दिख रही हैं। रंगों में इस दौरान लाल व मैरून के अलावा नीले, हरे, पीले नारंगी रंग के अलावा मल्टी कर्ल्ड परिधान चल रहे हैं।
दुकानों पर भी विशेष प्रबंध
करवाचौथ को लेकर मिठाई की दुकानों पर भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। महिलाओं ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। बाजार में काॅस्मेटिक, कपड़े, गिफ्ट शाॅप और चूड़ियों की दुकानें सज गई हैं। कुछ दुकानदार कम कीमत पर अच्छी आर्टिफिशियल ज्वैलरी भी उपलब्ध करा रहे हैं। वहीं बाजार में छोटे पर्दे का जादू भी चढ़ता दिखाई दे रहा है। वहीं मिट्टी के बने करवा की बाजार में भरमार है।
-
समय के साथ बदल गया करवाचौथ मनाने का ट्रेंड
समय के साथ आ रहे बदलावों के कारण हमारे त्योहार भी बदल गए हैं। पति की लंबी आयु के लिए रखा जाने वाला व्रत करवाचौथ लोक परंपरा ही नहीं रहा, बल्कि इसने युवा पीढ़ी में नए रंग भर दिए हैं। आज की कामकाजी महिलाएं करवाचौथ व्रत तो रखती हैं, साथ ही उनके पति भी व्रत रखने लगे हैं।
दिन भर उपवास के बाद शाम को 18-20 साल की युवतियों से लेकर 75 साल तक की महिलाएं नई दुल्हन की तरह सजती हैं। व्यापारियों के अनुसार इन दिनों बाजार में छोटे पर्दे के टीवी सीरियल की महिला किरदारों द्वारा पहने जाने वाले आभूषण, आर्टिफिशियल ज्वैलदी, साड़ी, चूड़ियां, कड़े ही नहीं बल्कि बिंदी की जबरदस्त मांग है।
पहले करवाचौथ सादगी से मनाया जाता था
पहले करवाचौथ बहुत सादगी से मनाया जाता था। मायके से कपड़े, तोहफे आते थे। सास भी तोहफे देती थीं। सुबह चार बजे एक बार चाय पी ली जाती थी, उसके बाद दिन भर कुछ नहीं खाया जाता था। जो महिलाएं रात में मेहंदी नहीं लगा पाती थीं, वो दोपहर में लगाती थीं। कुछ चूड़ियां पहनने जाती थीं। सभी शाम को तैयार होकर मंदिर में इकट्ठा होतीं और पंडितजी पूजा कराते। अब मंदिर नहीं, बल्कि होटलों में भव्य सामूहिक आयोजन होते हैं। हालांकि करवाचौथ में पूजा-पाठ तो अब भी होता है, लेकिन अब इन सबके साथ शोर-शराबा और दिखावा बहुत बढ़ गया है। पहले महिलाएं घर में खुद को तैयार करती थीं, लेकिन अब पार्लरों में बुकिंग होती है।
महिलाओं के सजने का भी बदला ट्रेंड
करवाचौथ के लिए अभी से बुकिंग हो चुकी है। महिलाएं मेहंदी की अलग-अलग डिजाइन बनवा रही हैं। जिनका पहला करवाचौथ है, वह ब्राइडल मेहंदी जैसी पूरी भरी हुई मेहंदी लगवा रही हैं। जागरूक महिलाओं ने पहले ही बुकिंग करा ली है।
-सुनील, मेंहदी लगाने वाला
करवाचौथ के लिए ब्यूटी पार्लर में बुकिंग हो रही है। मेकअप, हेयरस्टाइल के साथ ही महिलाएं फेशियल, फैक्सिंग, हेयर कलर, हेयर स्ट्रेटनिंग, मेनीक्योर, पेडीक्योर करवा रही हैं। सुहागिनों ने पहले ही बुकिंग करा ली है।
-आस्था, ब्यूटी पार्लर संचालक