ईद की तैयारी को लेकर कपड़े की दुकान पर खरीदारी करते लोग। संवाद
- फोटो : Samvad
पडरौना। ईद को लेकर बाजार गुलजार होने लगे हैं। बाजारों में सजी हुई रेडीमेड गारमेंट्स, जूते-चप्पल और शृंगार के सामान की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ जुटने से दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे हैं। महिला पुरुष और बच्चों ने उत्साहपूर्वक ईद के लिए खरीदारी शुरू कर दी है।
बुधवार को तिलक चौक, धर्मशाला रोड, मेन बाजार, गुदरी बाजार, कोतवाली रोड, कसेरा टोली रोड की दुकानों पर खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ रही। दुकानदारों का कहना है कि ईद नजदीक आने के साथ ही खरीदारी में और तेजी आएगी। बाजार में कपड़ों की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही है। नई डिजाइन के कुर्ता-पाजामा, पठानी सूट, बच्चों के फैंसी कपड़े और महिलाओं के सूट-दुपट्टों की अच्छी रेंज ग्राहकों को आकर्षित कर रही है।
वहीं, कोतवाली रोड के आसपास जूते-चप्पल, चूड़ी, इत्र और टोपी की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ जुट रही है। खरीदारी करने आए मुस्ताक अंसारी ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी ईद की खरीदारी के लिए परिवार के साथ बाजार आए हैं। बच्चों के कपड़े और जूते खरीदे हैं। कीमत में इजाफा जरूर हुआ है, लेकिन त्योहार की खुशी के आगे यह ज्यादा मायने नहीं रखता है। ईद का त्योहार पूरे उत्साह व उमंग से मनाएंगे। खरीदारी करने मेन बाजार में आईं समीना खान ने बताया कि इस बार सजे ईद के बाजार में कपड़ों की अच्छी वैरायटी मिल रही है। बच्चों के लिए कपड़े और अपने लिए चूड़ियां ली हैं। कपड़ा व्यापारी सुधीर जायसवाल, कौस्तुभ चहाड़िया, रमेश अग्रवाल ने बताया कि रमजान का दूसरा सप्ताह पूरा होने के बाद ग्राहकों की संख्या तेजी से बढ़ी है। यही रफ्तार बनी रही तो इस बार का कारोबार पिछले साल से बेहतर होने की उम्मीद है।