सिद्धार्थनगर। आउट ऑफ स्कूल बच्चों का चिह्नांकन कराकर स्कूल पहुंचाने के लिए अभिभावकों को जागरूक करें। नामांकन के सापेक्ष छात्र-छात्राओं की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। ये बातें डीएम पवन अग्रवाल ने कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक में कहीं।
जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने बीएसए व सभी बीईओ को भ्रमणशील रहकर नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में स्मार्ट क्लास व अन्य माध्यम से बच्चों को बेहतर शिक्षण सुविधा उपलब्ध कराएं। डीएम ने विद्यालयों में आॅपरेशन कायाकल्प के तहत मूलभूत सुविधाओं से संतृप्तीकरण की स्थिति के संबंध में बीएसए से जानकारी प्राप्त की।
मुख्य विकास अधिकारी जयेंद्र कुमार ने जिन विद्यालयों में शौचालय नही बना है वहां शौचालय बनवाने के लिए निर्देश दिए। विद्यालयों में पढ़ रहे जिन छात्र-छात्राओं का आधार कार्ड नहीं बना है, उनका बीआरसी में आधार कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। सभी स्कूलों में बेंच, पेयजल, बाउंड्रीवाल आदि कार्य पूर्ण होना चाहिए। यू-डायस पोर्टल पर 100 प्रतिशत फीडिंग पूर्ण करें। यूपी सिडको की ओर से स्कूलों के भवन निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्य को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, सीएमओ डाॅ. नरेंद्र कुमार बाजपेई, बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय, डीआईओएस उपेंद्र कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी डाॅ. राहुल गुप्ता, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तन्मय, जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार उपस्थित रहे।