बाढ़ से घिरे कई गांव, निकलना मुश्किल
सिद्धार्थनगर। पिछले चार दिनों से हो रही बारिश से इटवा तहसील क्षेत्र के पश्चिम व नगर पंचायत बिस्कोहर के उत्तर स्थित बूढ़ी राप्ती नदी में बाढ़ आ गई है। परसोहन गांव से इमिलिया व लमुईया गांव जाने वाले मार्ग पर पानी बह रहा है।
बिस्कोहर प्रतिनिधि के अनुसार, इमिलिया गांव के लोग पानी में होकर बिस्कोहर तो आ रहे, लेकिन लमुइया गांव के लोगों का आवागमन प्रभावित है। शनिवार को परसोहन, इमिलिया व लमुइया सिवान के साथ गांवों में जाने वाले मुख्य मार्गों पर पानी भर गया। इससे इमिलिया, बसंतपुर, कोहलवा, नवडिहवा के लोगों का आवागमन प्रभावित है। लमुइया के शेष राम, राम बहाल यादव, नंदराम, राकेश, अब्दुल रहमान, राम नारायन, चंद्रभान का कहना है कि शनिवार को मार्ग पर पानी बढ़ जाने से सुबह से जरूरी सामान लेने बिस्कोहर नहीं जा पाए हैं।
बिजौरा प्रतिनिधि के अनुसार, राप्ती नदी में उफान से किसानों की समस्या बढ़ गई है। अचानक पानी बढ़ने से वेतनार मुस्तहकम निवासी परगे निषाद की नाव डूब गई। बढ़नी प्रतिनिधि के अनुसार, चरनहवा नदी के उफान से ब्लॉक के ग्राम घरूवार उत्तर में सड़क पर दो फीट पानी चढ़ गया। इससे आवागमन बाधित हो गया है। प्रधान प्रतिनिधि राधेश्याम ने प्रशासनिक सहायता की गुहार लगाई है।
इसी प्रकार खजुरिया शर्की, ढेबरुआ, संसरी के मुख्य मार्ग पर पानी भर जाने से लोगों का आवागमन बाधित रहा। ग्राम प्रधान दारा चौधरी ने बताया कि खजुरिया शर्की में फसलों का ज्यादा नुकसान हुआ है।
विधायक ने किया बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा
तुलसियापुर। शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित खैरी शीतल प्रसाद ग्राम पंचायत के टीकर, करौता, पन्नापुर, नकोलडी, मुरव्वनडीह टोले का नाव से दौरान किया। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उनके साथ ग्राम प्रधान शिवकुमार साहनी, बीडीसी सदस्य नीलेश साहनी, मयंक शुक्ल, रवि अग्रवाल, अजय वरुण, विष्णु सिंह, भोला शर्मा, रमेश मणि त्रिपाठी, राधे त्रिपाठी मौजूद थे।