शोहरतगढ़ में विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन करते संविदाकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
शोहरतगढ़/परसा। बकाया मानदेय भुगतान को लेकर विद्युत विभाग में कार्यंरत संविदा कर्मंचारियों ने सोमवार को परसिया, ढेबरुआ व बोहली उपकेंद्र में ताला चढ़ा दिया। कार्य से विरत होकर धरना प्रदर्शन किया। हड़ताल से इन उपकेंद्रों से जुड़े सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक मानदेय नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा।
संविदा कर्मंचारी विजय सिंह चौधरी ने कहा कि इस मंहगाई के दौर में परिवार का जीविकोपार्जन मुश्किल हो गया है। विभाग के जिम्मेदार अधिकारी व ठेकेदार बकाया मानदेय भुगतान में हीलाहवाली से बाज नहीं आ रहे। बार-बार संविदा कर्मियों को विभाग सिर्फ कोरा आश्वासन ही देते चले आ रहे हैं। अब बिना बकाया मानदेय का भुगतान लिए कार्य नहीं करेंगे। सूचना पर पहुंचे विद्युत विभाग के जेई नित्यानंद ओझा व एसडीओ सुरेंद्र कुमार ने धरने पर बैठै संविदा कर्मचारियों को समझा बुझाकर धरना समाप्त करने का प्रयास बेअसर रहा।
इस दौरान मनोहर, इंद्रमणि पांडेय, कलाम, राधेश्याम, चिनक, महमूद, मुन्नू यादव, राजेश कुमार, रामधनी, फागू, महेश, प्रमोद सिंह, मासूक, अंसुल दुबे, विजय कुमार, संजय दुबे, राजबली आदि मौजूद रहे। इस संबंध में एसडीओ सुरेंद्र कुमार का कहना था कि कर्मचारियों को मनाने का प्रयास जारी है। जल्द ही समाधान निकल जाएगा।