सिद्धार्थनगर। शहर के स्टेशन रोड स्थित मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दुर्गेश उर्फ दुर्गा प्रसाद निवासी पचमोहनी बेलौहा थाना खेसरहा को गिरफ्तार किया है।
एसओजी और थाना सिद्धार्थनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने यू-ट्यूब पर वीडियो देखकर ताला तोड़ने और चोरी की तरकीब सीखी और उसी के आधार पर अकेले पूरी चोरी को अंजाम दिया।
वारदात 30 अप्रैल की रात माल गोदाम के पास हुई थी, जहां दुकान का ताला तोड़कर बड़ी मात्रा में मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया गया था। सीओ सिटी विश्वजीत सौरयान के मुताबिक पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर तीन मई की रात पुराने नौगढ़ रोड पर जांच के दौरान एक ई-रिक्शा लोडर को रोका। चालक के व्यवहार पर शक होने पर तलाशी ली गई, जिसमें चोरी का पूरा सामान बरामद हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुर्गेश उर्फ दुर्गा प्रसाद निवासी पचमोहनी बेलौहा थाना खेसरहा के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 18 मोबाइल फोन, कलाई घड़ियां, मोटर पंप, ईयरफोन, स्पीकर समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद हुआ है। पूछताछ में उसने बताया कि वह सामान को नेपाल में बेचने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है। इस पूरे ऑपरेशन में एसओजी और थाना पुलिस की टीम की अहम भूमिका रही।