संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। गर्भवती महिला, बच्चों व परिवार के अन्य सदस्यों को दस्त आने पर इमरजेंसी में ओआरएस घोल घर पर बनाएं। इसके लिए नींबू, नमक, चीनी व पानी का घोल बनाकर लगातार पीने से शरीर में पानी के कमी को पूरा किया जा सकता है। ये बातें प्रशिक्षक राजीव कुमार त्रिपाठी ने सीएचसी सिरसिया में चल रहे आशाओं के पांच दिवसीय छोटे बच्चे की गृह आधारित देखभाल (एचबीवाईसी) प्रशिक्षण में कही।
प्रशिक्षक फूलकुमारी ने आशाओं को गृह भ्रमण के दौरान बच्चों का वजन, ताप, लंबाई लेने का तरीका बताया। बीसीपीएम मैराज अहमद ने आशाओं को परिवार नियोजन के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि सभी आशा क्षेत्र में महिला व पुरुष नसबंदी के लिए लोगों को प्रेरित करें। महिलाओं के लिए परिवार नियोजन के लिए कॉपर-टी के साथ अंतरा इंजेक्शन बच्चों में अंतर के लिए बेहतर विकल्प के रूप में उपलब्ध है, जो पूरी तरह सुरक्षित है। इस दौरान सुमन, तारा देवी, मिथलेश कुमारी, कुसुम, छाया, खुशबू, लक्ष्मी, सबिता उपस्थित रहीं।