- एसडीएम को सात सूत्री मांग पत्र सौंपा
- दो हेल्थ सेंटर व शोहरतगढ़ में इंजीनियरिंग कॉलेज बनवाने की मांग
शोहरतगढ़। स्थानीय तहसील परिसर में बृहस्पतिवार को लोक समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरीशंकर शर्मा के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया। इसमें क्षेत्रीय समस्या, बेरोजगारी व महंगाई के खिलाफ नारेबाजी कर एसडीएम प्रदीप कुमार यादव को सात सूत्री मांग पत्र सौंपा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरीशंकर शर्मा ने कहा कि ग्राम परसोहिया निवासी मो. अकरम के जमीन पर ग्राम प्रधान ने आरसीसी रोड बनवा दिया। इसकी शिकायत डीएम से लेकर उच्चाधिकरियों तक की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। गांव में बिछाई जा रही पाइपलाइन के लिए सड़क खोदकर आधी-अधूरी मिट्टी भरकर छोड़ दी गई है। लोगों को आने जाने में दिक्कत हो रही है। बरगदवा चौराहे से देवकलीगंज होते हुए पकड़ी बाजार तक कोई हेल्थ सेंटर नहीं है। इसलिए दो हेल्थ सेंटर बनवाए जाएं। शोहरतगढ़ में इंजीनियरिंग व पॉलीटेक्निक कॉलेज बनवाए जाएं।
इस दौरान नीलू शुक्ला, मोहम्मद अकरम, चंद्रबली दुबे, गिरजा शंकर राय, दयासागर पाठक, चंद्रशेखर गिरी, ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।