बांसी। होनहार बेटे के अचानक दुनिया छोड़ देने से परिवार में मातम छा गया है। मां, भाई व बहन का रो-रोकर बुरा हाल है और पिता प्रदेश में तड़प रहा है। यहीं नहीं गांव के साथ-साथ आसपास क्षेत्र के लोग भी इस घटना से शोकाकुल है।
कोतवाली क्षेत्र के सोनखर गांव निवासी पवन कुमार (16) पुत्र धर्मेंद्र पूरी रात परीक्षा की तैयारी कर सुबह हाईस्कूल की परीक्षा देने के लिए घर से निकला था। उसे क्या मालूम था कि गांव की सीमा पर ही काल उसके इंतेजार में है। धर्मेंद्र की पत्नी, एक 18 वर्षीय बेटी काजल, बड़ा बेटा पवन कुमार और छोटा बेटा 11 वर्षीय अमित है। धर्मेंद्र बच्चों की बेहतर भविष्य व परवरिश के लिए देश के महानगर नागपुर में मेहनत मजदूरी कर रहा है। इस घटना से उसके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की जानकारी होने के बाद से वह बदहवास है और फोन कर लोगों से अपने बेटे के बारें में जानकारी ले रहा है। पिता के बाहर रहने व बेटों मे बड़ा होने के कारण पवन पढ़ाई के साथ-साथ घर परिवार का पूरा काम भी देखा करता था, गांव के लोगों का कहना है कि वह काफी होनहार था।