-शोभायात्रा में शामिल होंगे भारी संख्या में लोग, धर्म रक्षा मंच के तत्वाधान में कई वर्षों से हो रहा है आयोजन
संवाद न्यूज़ एजेंसी
डुमरियागंज । होली पर धर्म रक्षा मंच के तत्वाधान में सोमवार की सुबह डुमरियागंज क्षेत्र के बैदौला स्थित भारत चौक से भगवान नरसिंह की आरती के बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसकी तैयारियां जोरशोर से की जा रही हैं। कार्यक्रम को लेकर धर्म रक्षा मंच के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
धर्म रक्षा मंच के संरक्षक एवं पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग सोमवार को होली के मौके पर बैदौला चौराहा (भरत चौक) से एकत्रित होकर भगवान नरसिंह की आरती के बाद झांकी व शोभायात्रा में शामिल होंगे। शोभायात्रा बैदौला चौराहा से मंदिर चौराहा, थाना, पुरानी बाजार होते हुए हनुमान मंदिर तेलियाना मोहल्ला के बाद खीरा मंडी पहुंचकर प्रसाद वितरित कर समाप्त होगी तथा शाम को हिंदू भवन में होली मिलन का आयोजन होगा।
उन्होंने सभी से होली पर अबीर गुलाल का टीका लगाकर एक दूसरे से सौहार्द और शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाने का आह्वान किया। उन्होंने भगवान नरसिंह महाआरती आयोजन समिति भरत चौक (बैदौला चौराहा) के पदाधिकारियों से कार्यक्रम को यादगार और भव्य बनाने में सहयोग की अपील की।