चाकू दिखाकर दंपती से नकदी व आभूषण लूटे
राखी बांध कर लौट रहे थे पति-पत्नी, तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया
चिल्हिया क्षेत्र के केसारा गांव के पास की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
चिल्हिया। थाना क्षेत्र के केसारा गांव में गुरुवार देर शाम राखी बांध कर लौट रहे दंपती को बाइक सवार तीन बदमाशों ने रोक लिया। चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उनसे नकदी मोबाइल और आभूषण लूट लिए। सूचना मिलते ही सीओ व एसओ मौके पर पहुंचे व मामले की जानकारी ली। वहीं, पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूट का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
क्षेत्र के बभनी गांव निवासी अनीता वर्मा अपने पति मुकेश के साथ गुरुवार को ढेबरुआ क्षेत्र के एक गांव में अपने मायके गई थी। बताया जा रहा है कि घर लौटते समय शाम हो गई थी। वे गांव से कुछ दूर पहले केसारा गांव के पास पहुंचे ही थे कि पहले से खड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक को रुकवा लिया। इसके बाद चाकू दिखाते हुए जान से मारने की धमकी देकर दोनों के मोबाइल फोन, सोने का मंगल सूत्र और 3200 रुपये नकदी लूट लिए। पीड़ित ने किसी के माध्यम से पुलिस को घटना की जानकारी दी। लूट की सूचना मिलने के बाद सीओ शोहरतगढ़ सुनील कुमार सिंह और एसओ चिल्हिया सभाशंकर यादव ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। एसओ सभाशंकर यादव ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।