सिद्धार्थनगर : कारोबारी के घर लूट, बम फोड़कर भागे
सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित कोटिया बाजार में मंगलवार की रात 12 बजे लुटेरों ने व्यवसायी अवधेश अग्रहरि के घर पर धावा बोल दिया। लुटेरे घर में रखे 12 लाख रुपये के आभूषण और पांच लाख रुपये लेकर फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भागते हुए लुटेरों ने दो बार बम फोड़ा था। पुलिस घटना को चोरी मान रही है।
शोहरतगढ़ क्षेत्र के कोटिया बाजार में भारत-नेपाल सीमा से 100 मीटर और पुलिस चौकी से महज 70 मीटर की दूरी पर वारदात हुई है। बताते हैं कि लुटेरे अवधेश अग्रहरि के घर के पीछे का दरवाजा तोड़ रहे थे तो घर वाले आगे के दरवाजे से भाग गए। इसके बाद बदमाश सीढ़ी लगाकर घर में घुसे। शोहरतगढ़ एसएचओ राजकुमार पांडेय ने बताया कि चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा। घटनास्थल से मिला कारतूस पुलिस का है। रात में एक कांस्टेबल की कार्बाइन गिर गई थी। उसी से कारतूस गिरा था।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि घटना के बारे में मौके पर जाकर निरीक्षण किया है। केस दर्ज किया गया है। एसओजी सहित तीन टीमों को लगाया गया है। जल्द ही पर्दाफाश किया जाएगा। सोशल मीडिया में बम और गोली चलने की बात प्रसारित हो रही है। मौके पर हुई जांच में ऐसे तथ्य सामने नहीं आए हैं। जांच में ऐसा कुछ मिलेगा तो कार्रवाई की जाएगी। >> संबंधित पेज 3 पर