घर में घुसे नकाबपोश, चाकू दिखाकर की लूट
शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के महमुदवा ग्रांट गांव की घटना
गृहस्वामी ने पुलिस को तहरीर देकर लगाई न्याय की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। थाना क्षेत्र के महमुदवा ग्रांट गांव में मंगलवार रात नकबपोश बदमाश छत के रास्ते एक घर में घुस गए। यहां चाकू दिखाकर नकदी और आभूषण समेट कर चले गए। गृहस्वामी ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र के महमुदवा ग्रांट गांव में निवासी पीड़ित संजय चौहान के मुताबिक मंगलवार रात परिवार के सदस्य कमरे में सो रहे थे। इसी बीच देर रात तीन नकाबपोश बदमाश छत के रास्ते मेरे घर में घुस गए। इसके बाद उनके वृद्ध माता कमलावती व उनके पुत्र सुनील चौहान की गर्दन पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद घर में रखे आभूषण, नकदी के बारे में पूछा और करीब चार लाख रुपये के आभूषण व तीन हजार रुपये नकदी समेटकर चले गए। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस टीम मौके पर जाकर घटना की जांच-पड़ताल कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चाकू के साथ एक गिरफ्तार, गया जेल
इटवा। शाहपुर पुलिस चौकी की टीम ने बुधवार को एक संदिग्ध को पकड़ा। उसके कब्जे से एक चाकू बरामद किया गया। केस दर्ज करके पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक इटवा वेदप्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को सूचना मिली कि एक संदिग्ध क्षेत्र के भरहिया मोड़ के पास मौजूद है। सूचना को संज्ञान में लेते हुए शाहपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंच गई। शाहपुर चौकी प्रभारी महेश कुमार शर्मा की अगुवाई में उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम असगर अली निवासी बल्लीजोत थाना इटवा बताया। केस दर्ज करके उसे जेल भेज दिया गया। संवाद