शासन के निर्देश पर जिले की पुलिस पिछले चौबीस घंटों से थानावार विशेष बाल कल्याण पुलिस इकाई प्रभारियों की खोज में जुटी रही। सोमवार को सेट पर थानों में तैनात नामित विशेष बाल कल्याण अधिकारी का ब्यौरा मांगा जाता रहा।
कुछ थानों ने तो नाम बताया और कुछ ने कहा कि कार्य देख रहे दरोगाजी का ट्रांसफर हुए जमाना बीत चुका है। बहरहाल पुलिस अब नए सिरे से बाल कल्याण अधिकारियों की नियुक्ति करने की कवायद कर रही है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर बाल अपराध पर रोक थाम लगाने के लिए सभी थानों में तैनात ऐसे उपनिरीक्षक जो विशेष बाल कल्याण इकाई प्रभारी के रूप में तैनात रहे। उनकी खोज शुरू कर दी गई। वर्ष-2011 में शुरू की इस योजना के तहत चयनित उपनिरीक्षकों को बाकायदा ट्रेनिंग दी गई।
इसके बाद उन्हें तैनाती के थानों में बाल कल्याण अधिकारी के रूप में पहचान दी गई। बाल अपराध व बाल अपराधी से संबंधित मामलों की सुनवाई करने का अधिकार प्रदान किया गया। इन उपनिरीक्षकों के नोडल अधिकारी पदेन अपर पुलिस अधीक्षक को नियुक्त किया गया था।
शासन की गाइड लाइन में स्पष्ट कहा गया है कि प्रत्येक तीन माह में पुलिस अधीक्षक की ओर से अभियान चलाकर खोए हुए बच्चों को ढूंढा जाएगा। लेकिन पुलिस अभी विभाग में विशेष बाल कल्याण इकाई प्रभारियों की खोज में जुटी हुई है।