डुमरियागंज। महिलाओं की सुविधा के लिए नगर पंचायत डुमरियागंज के मंदिर चौराहे पर बनाए गए पिंक शौचालय पर हमेशा ताला लटकता रहता है, जिससे महिलाओं को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। वहीं दूसरी तरफ बंद पड़े इस शौचालय के बाहर फल व्यवसायी अतिक्रमण कर ठेला लगाकर दुकानदारी कर रहे हैं।
महिलाओं की सुविधा के लिए डुमरियागंज नगर पंचायत के मंदिर चौराहा स्थित डाक बंगला के बगल पिंक शौचालय का निर्माण कराया गया था। लेकिन इस शौचालय के दरवाज़े पर हमेशा ताला लटकता रहता है। जिसके कारण महिलाओं को इस शौचालय से कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। नगर के दिनेश, सुनील नसीम अहमद, संदीप जयसवाल, कयूम तथा विशाल, आकाश ने शौचालय का ताला खुलवाने की मांग की है, ताकि महिलाओं को इसका लाभ मिल सके। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी महेश प्रताप श्रीवास्तव ने बताया कि समस्या संज्ञान में है, पिंक शौचालय पर जल्द ही एक महिला कर्मी की ड्यूटी लगा करके शौचालय को प्रयोग में लाया जाएगा। साथ ही वहां पर दुकानदारों के अतिक्रमण को हटवाया जाएगा।