फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: लाइन, इंतजार और नाराजगी... ईंधन के लिए बढ़ रही जद्दोजहद

Thu, 04 Jun 2026 01:52 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
सिद्धार्थनगर। कहीं गैस की किल्लत तो कहीं पेट्रोल-डीजल के लिए मारामारी से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। धीरे-धीरे लोगों का आक्रोश सड़क पर नजर आ रहा है। मारपीट और प्रदर्शन भी होने लगे हैं। मंगलवार को बांसी में गैस सिलिंडर और उसका में बिजली कटौती के विरोध में आंदोलन और हंगामा इसी आक्रोश का परिणाम है। शहर समेत जिले की सभी एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति समस्या बनी हुई है। वहीं, डीजल के लिए पंपों पर देर तक कतार लगाने से किसानों समेत अन्य लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
विज्ञापन

शहर समेत पूरे जिले में जरूरत की वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं होने के कारण लोगों में आक्रोश बढ़ता दिख रहा है। बुकिंग के कई दिनों बाद भी उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति नहीं मिल पाती है। इससे वे एजेंसियों का चक्कर काटते दिख रहे हैं। वहीं, एजेंसियों के कर्मचारी लोगों को होम डिलीवरी का आश्वासन देकर लौटा देते हैं फिर उन्हें सिलिंडर नहीं मिल पाता है। इस कारण गैस एजेंसी कार्यालय और गोदाम पर लोगों की भीड़ लग जाती है। इसी बीच किसी बात पर बहस होने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ रहा है, जिससे मारपीट या प्रदर्शन व चक्का जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। मंगलवार को बांसी में ऐसा ही हुआ और जहां नाराज लोगों ने एनएच जाम कर दिया।
वहीं, कुछ दिन पहले शहर के एक पंप पर तेल के लिए एक उपभोक्ता की पंप कर्मियों के साथ मारपीट हो गई। उसका बाजार में पेट्रोल के लिए पंप पर कतार में लगे लोगों के बीच ही मारपीट हो गई थी। दवा व्यवसायी संघ के अध्यक्ष कमलेश दुबे कहते हैं कि घरेलू व खेती संबंधी सामानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ एजेंसियों व पंपों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की जरूरत है ताकि किसी बड़ी घटना से बचा जा सके।
विज्ञापन


बुकिंग के बाद तत्काल हो गैस की आपूर्ति
जिले के एचपी, इंडेन और भारत गैस की 55 एजेंसियों पर छह लाख से अधिक घरेलू गैस सिलिंडर के उपभोक्ता है। वर्तमान में बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलिंडर मिलने में 10 से 15 दिन तक लग जा रहे है। यहां तक कि कई उपभोक्ता एजेंसियों का चक्कर काट वापस हो जा रहे हैं। शहर निवासी उपभोक्ता दिनेश का कहना है कि अगर बुकिंग के बाद एक से दो दिन में गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी मिल जाए तो किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी लेकिन घर पर गैस खत्म होने के बाद गैस सिलिंडर नहीं मिलने पर लोगों में नाराजगी बढ़ जाती है।

डीजल के लिए परेशान रह रहे किसान
वर्तमान में धान का बेहन डालने के लिए खेतों की सिंचाई के लिए डीजल लेने को परेशान किसान पंपों पर कतार लगाने को मजबूर है। साथ ही खेतों की जुताई के लिए ट्रैक्टर में भी डीजल की जरूरत होने से मारामारी मची हुई है। ऐसे में पंपों पर अभी 15-20 दिन तक भीड़ लगना तय है। इससे हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो जाता है। किसान मणिकांत तिवारी और जगदीश ठकुराई कहते हैं कि अगर पंपों पर डीजल की पर्याप्त उपलब्धता रहे और सुरक्षा के इंतजाम रहे तो परेशानी या बवाल नहीं होंगे। इसमें लापरवाही का खामियाजा किसानों व अन्य लोगों को उठाना पड़ रहा है।

पंपों पर तेल की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है। साथ ही एजेंसियों को नियमानुसार गैस सिलिंडर वितरण के निर्देश दिए गए हैं। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

- देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें