विकास खंड बढ़नी के ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के मौसम में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। जगह-जगह गंदगी फैलने और जलजमाव के कारण संक्रामक रोग फैलने की आशंका से लोग भयभीत हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने व गांवों में दवा का छिड़काव कराए जाने की मांग की है।
बढ़नी ब्लॉक के तालकुंडा ग्रामसभा के पांच टोले बारिश के इस मौसम में जलजमाव व गंदगी से सराबोर है। जलजमाव व गंदगी से गांव में संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा बना हुआ है। सफाई कर्मी भी चौराहों पर घूमते नजर आते हैं।
जलापुरवा टोले की हालत तो सबसे खराब है। टोले में आवागमन के लिए बनी सड़क पर कुछ ग्रामीणों व सफाईकर्मी की लापरवाही के कारण जलजमाव व कीचड़ से पसरा हुआ है। टोले के बीचोबीच पूरब से घोरही नदी पर जाने वाले मार्ग पर तो राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
आए दिन बच्चें व बुजुर्ग कीचड़ भरी सड़क पर फिसल कर चोटिल हो रहे हैं। इसके अलावा केवटलिया, सधुवानगर, गोनहा व तमकुहवा की हालत भी इसी प्रकार है। इस संबंध में एसडीएम शोहरतगढ़ ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि बीडीओ से बात कर सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने की बात की जाएगी। पीएचसी बढ़नी से गांवों में दवा का छिड़काव भी कराया जाएगा।