इटवा। त्रिलोकपुर क्षेत्र के ग्राम सभा इमिलिया के पश्चिम तिराहे पर सुलतान के घर में शुक्रवार की रात तेंदुआ घुस आया। तेंदुए ने हमला कर एक बकरी व कुत्ते को घायल कर दिया। इससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। ग्राम प्रधान राघवेंद्र प्रताप सिंह ने दूरभाष पर घटना की सूचना एसओ त्रिलोकपुर को दी। जिसके बाद सूचना वन विभाग को दी गई। बावजूद इसके शनिवार देर शाम तक वन विभाग की टीम मौके पर नही पहुंची।
ग्रामीणों के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 8 बजे बकरियों के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। मौके पर गांव के लोग एकजुट हुए तो पता चला कि सुलतान की एक बकरी को किसी जानवर ने हमला कर घायल कर दिया है। टॉर्च और लाठी-डंडे से लैश होकर ग्रामीण आगे बढ़े तो देखा कि एक तेंदुआ गन्ने के खेत में छिपा बैठा है। ग्रामीणों को देखकर तेंदुआ घने बगीचे की ओर भाग निकला। गांव के जग्गू, तिलकराम, नरदाहे, शौकत, मंथे, राजकुमार, चिनकू, दिनेश, हरीराम, सुमिरन और शरीफ हसन आदि ने कहा कि ग्राम प्रधान के सूचना देने के बावजूद भी कोई अधिकारी व वनकर्मी गांव में नहीं पहुंचा। जिसके चलते वे पूरी रात खौफ में दहशत में रहे। इस संबंध में एसओ त्रिलोकपुर ब्रह्मानंद गौड़ ने कहा कि रात को ग्राम प्रधान से सूचना मिली थी, जिसके बाद वनकर्मियों को सूचित कर दिया गया है।