भारतभारी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेंवा पर पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विकास चौधरी ने जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
सीएचसी बेंवा ने बताया कि क्षेत्र में कुल 119 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। प्रत्येक बूथ पर तीन स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की गई है जबकि अभियान की निगरानी के लिए सुपरवाइजर लगाए गए हैं। डॉ. विकास चौधरी ने अभिभावकों से अपील की कि जन्म से पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि देश से पोलियो जैसी गंभीर बीमारी को पूरी तरह खत्म करने के लिए सभी बच्चों को समय पर दो बूंद दवा पिलाना बेहद जरूरी है।
उन्होंने एक भी बच्चा छूटा, तो सुरक्षा चक्र टूटा का संदेश देते हुए सभी अभिभावकों से बूथों पर पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी बताया कि जो बच्चे रविवार को किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए सोमवार से शुक्रवार तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाएंगी। इसके बाद भी यदि कोई बच्चा नहीं मिलता है तो उसे चिन्हित कर विशेष रूप से पोलियो की खुराक दी जाएगी। सुपरवाइजर रीता गौतम ने बताया कि अभियान के दौरान क्षेत्र के सभी बूथों और गांवों में लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा लेने से वंचित न रह जाए। नवजात शिशुओं को भी अनिवार्य रूप से पोलियो की दो बूंद दवा पिलाई जाएगी।
इस दौरान एएनएम शशि आशा रेहाना, गंगाजली, सुमित श्रीवास्तव, राजेश कुमार एलटी, दुर्गेश कुमार और राज यादव आदि मौजूद रहे।