लोटन। कोतवाली क्षेत्र के ठोठरी के पंचायत भवन में मंगलवार को हुई खुली बैठक में रजिस्टर भाग-एक से नाम निकालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। यह विवाद मारपीट हो बदल गया। इसमें चार लोग घायल हो गए। विवाद होने के बाद एडीओ पंचायत सदानंद वर्मा, सचिव आशीष कुमार ने बैठक रद्द कर दी। सूचना पर पुलिस ने दो पक्षों से दो लोगों को पकड़ कर कार्रवाई में शुरू कर दी।
एसएसबी की ओर से चौकी बनाने के 486 एअर जमीन एक्वायर कर ली गई है। इसकी कीमत लगभग दो करोड़ 20 लाख रुपये मिले। इसमें आपस में पैसे को लेकर विवाद चल रहा था। एक पक्ष चाह रहा था कि हिस्सा न देना पड़े। इसलिए दूसरे पक्ष का नाम रजिस्टर भाग-एक से काटने के लिए उच्च अधिकारियों को प्रार्थनापत्र दिया। इस पर अधिकारियों ने खुली बैठक कर सही जानकारी करने के बाद ही नाम हटाने का निर्देश जारी किया।
विज्ञापन
उसी आदेश के तहत बीडीओ के निर्देश पर 22 अप्रैल को खुली बैठक एडीओ पंचायत व सचिव ने पंचायत भवन में आयोजित की गई। दोनों पक्षों से जमीन से संबंधित अपने-अपने दस्तावेज दिखाने के लिए कहा गया। इतने में दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी देखते-देखते दोनों पक्ष भिड़ गए और मारपीट होने लगा। इसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से रमजान व समीर को पकड़ कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। उधर विवाद के बाद अग्रिम आदेश तक बैठक स्थगित कर दी गई। इस संबंध में एसओ लोटन डीके सरोज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।