संवाद न्यूज एजेंसी
शाहपुर। तहसील क्षेत्र के ग्राम बदलिया में मंगलवार को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में प्रशासन ने भूमि कुर्क करने की कार्रवाई की। नायब तहसीलदार विष्णु प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में टीम ने मौके पर पहुंचकर संपत्ति को जब्त कर लिया और उस पर लाल झंडी लगाकर कुर्की की प्रक्रिया पूरी की।
जानकारी के अनुसार, प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय सिद्धार्थनगर में चल रहे वाद सुमित्रा बनाम दिनेश कुमार में पारित आदेश के तहत यह कार्रवाई की गई। नायब तहसीलदार विष्णु प्रसाद सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी कार्यालय के पत्र और उपजिलाधिकारी के पांच जनवरी के स्वीकृति आदेश के क्रम में कुर्की सुनिश्चित की गई।
कार्रवाई के तहत बदलिया निवासी दिनेश कुमार की गाटा संख्या-36 की कुल 1.6310 हेक्टेयर भूमि में से उनके हिस्से की 0.2718 हेक्टेयर जमीन को कुर्क किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कुर्क की गई संपत्ति के हस्तांतरण, विक्रय, दान या किसी भी प्रकार के स्वामित्व परिवर्तन पर पूरी तरह रोक रहेगी। यदि कोई व्यक्ति आदेश का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेशों के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत की गई है ताकि वादिनी को न्याय मिल सके और कानून का पालन सुनिश्चित हो।
इस दौरान लेखपाल अरुण सिंह, शिवसागर अग्रहरि, सच्चिदानंद, शहरयार, अजीज, राधेश्याम, रमेश गुप्ता सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।