मन्नीजोत चौराहे पर पटाखे की खरीददारी करते लोग।
सिद्धार्थनगर। अयोध्या में श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर शहर समेत पूरे जिले में पूजन सामग्री, फूलमाला व मिठाई की जमकर बिक्री हुई। सोमवार को बाजार दीपावली से ज्यादा गुलजार रहा। शहर समेत पूरे जिले के बाजार में ढाई करोड़ रुपये से अधिक कपड़ा, मिठाई व फूलमाला की बिक्री हुई। दोपहर बाद ही बाजार में दुकानों पर लड्डू और फूलमाला कम पड़ गए। शाम को भी मिठाई की दुकान पर भीड़ लगी रही।
श्रीराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के श्रद्धा और उत्सव के माहौल से दो दिन पहले से ही बाजार में रौनक बढ़ गई थी। बाजार में कपड़े की दुकानों पर राम नाम पटका, भगवा ध्वज खरीदने की भीड़ रही। वहीं सोमवार सुबह से ही मंदिरों में पूजन के लिए फूलमाला और प्रसाद चढ़ाने के लिए लड्डू एवं अन्य मिठाई की खरीदारी में खूब तेजी दिखी। बाजार में कपड़े, मिठाई, फूलमाला, मिट्टी के दीपक, पटाखा, मोमबत्ती व पूजन सामग्री की ढाई करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हुई। नतीजा रहा कि दोपहर तक फूलमाला और मिठाई की दुकानों पर लड्डू कम पड़ गए। यहां तक कि लोग इसे ढूंढने के लिए कई मिठाई की दुकानों पर चक्कर लगाते दिखे।