संवाद न्यूज एजेंसी
पथरा। स्थानीय कस्बा पथरा बाजार में एक साल से कोई सफाईकर्मी नहीं है। जिससे कस्बे में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। हर तरफ गंदगी का अंबार लगा है। इस कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा है।
क्षेत्र का सबसे पुराना कस्बा पथरा बाजार, जहां हर दिन लोग हजारों की संख्या में खरीदारी के लिए आते हैं। वहां दर्जनों से अधिक सब्जियों और फल की दुकानों से निकलने वाले कचरे के सड़क पर डाले जाने के कारण, सड़क पर बदबू दार दुर्गंध से लोगों कि जीना दुश्वार हो गया है। कस्बा निवासी शिवकुमार अग्रहरि, आकाश अग्रहरि, गोविंद, राधे प्रसाद, मनोज अग्रहरि, संतोष कसौधन, बब्लू सहित अन्य लोगों का कहना है कि एक साल से ऊपर कस्बे में सफाईकर्मी की तैनाती नहीं है।इससे सड़कों और गलियों में हर तरफ गंदगी का अंबार लगा है।
ग्राम पंचायत अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि सफाईकर्मी की तैनाती के लिए कई बार उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है। पर आजतक तैनाती नहीं हुई। रोस्टर लगा कर अन्य ग्राम पंचायत में तैनात सफाईकर्मी से गांव की सफाई करवाया जाता है। सहायक विकास अधिकारी अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया की जानकारी है। मिठवल ब्लॉक में अतिरिक्त सफाईकर्मी नहीं है। इसलिए जिले के उच्च अधिकारियों को पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया है।