सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के घरुआर गांव के पास स्थित स्कूल हास्टल के सामने तेज गति से आ रही कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दिया। हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। कार को लोगों ने रोकने का प्रयास किया। लेकिन चालक ने कार नहीं रोकी। अनियंत्रित गति के चलते उसका एक टायर भी फटकर निकल गया और कार बिना केवल रिम के सहारे गोल्हौरा टोल प्लाजा पर पकड़ी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
एनएच- 730 पर स्थित घरुआर गांव के पास स्थित स्कूल हास्टल के सामने तेज गति से आ रही कार ने साइकिल सवार को चपेट में ले लिया। साइकिल सवार रामचंद्र (64) निवासी घरुआर थाना ढेबरुआ की मौके पर ही मौत हो गई। घटना स्थल से ही लोगों ने पहले ढेबरुआ थाने पर घटना की सूचना देकर कार का पीछा करना शुरू किया। ढेबरुआ में भी पुलिस कार को रोकने के लिए खड़ी थी लेकिन कार चालक ने कार नहीं रोकी। इस संबंध में ढेबरुआ एसएचओ छत्रपाल सिंह ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
-
पल्लेदारी करके परिवार चलाते थे रामचंद्र
सिद्धार्थनगर। घरुआर के पास एनएच-730 पर बलरामपुर जिले के तुलसीपुर से सिद्धार्थनगर जा रही तेज गति की कार ने अनियंत्रित होकर 64 वर्षीय रामचन्द्र को टक्कर मार दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बढऩी में एक दुकान पर पल्लेदारी का काम करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था। मृतक के तीन पुत्र थे। जिनमें पहले ही दो पुत्रों की मौत हो गई है। छह माह पहले उसके एक पुत्र मंगल की दिल्ली से आते वक्त रास्ते में एक मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई थी। मृतक के परिवार सहित पूरे गांव में शोक का माहौल हो गया। उधर कार में एक युवती सहित चालक अरविंद दुबे निवासी महानग थाना लोटन व दो अन्य युवक सवार थे। तीनों युवक नशे में थे। युवती पंजाब की रहने वाली है और नौगढ़ में ही रहकर आर्केस्ट्रा में काम करती है। पुलिस उनसे जानकारी ले रही है।