कम राशन देने के मामले में कोटेदार गिरफ्तार
डुमरियागंज। यूनिट से कम राशन का वितरण करने के मामले में एसडीएम के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक ने डुमरियागंज थाने में एक कोटेदार और थोक विक्रेताओं के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज किया। एक कोटेदार को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
क्षेत्र के तड़वा के कोटेदार द्वारा राशन कार्ड धारकों को कम राशन उपलब्ध कराने तथा अधिक मूल्य लेने की शिकायत उपभोक्ताओं ने एसडीएम से की थी। इस मामले में एसडीएम के निर्देश पूर्ति निरीक्षक नरेंद्र मणि त्रिपाठी से जांच कराई गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत डुमरियागंज थाने में केस दर्ज किया गया था। साथ ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। साथ ही बाजार का मूल्य नियंत्रित करने के लिए हल्लौर के दो थोक विक्रेता के के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसडीएम डुमरियागंज त्रिभुवन कुमार ने तहसील के समस्त थोक विक्रेता, राशन विक्रेता, कोटेदार को चेतावनी देते हुए कहा है कि राशन वितरण के दौरान किसी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता पाई जाती है तो उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।