कोरोना काल में बढ़े दस हजार कार्डधारक
वर्तमान में हैं 4.74 लाख बीपीएल और अंत्योदय राशन कार्ड धारक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कोरोना संक्रमण काल में जिले में दस हजार राशन कार्ड धारक बढ़े हैं। इसमें अधिकांश वे लोग हैं जो दूसरे प्रदेशों से घर लौटे हैं।
वर्ष 2018-19 में जिले में बीपीएल एवं अंत्योदय राशन कार्ड धारकों की तादाद 4.64 लाख थी। वर्ष 2020 में कोरोना संक्रमण का दौर शुरू होते ही दूसरे प्रदेशों एवं बड़े शहरों में रोजगार बंद होने और नौकरी छूटने के कारण लोग अपने घरों को पहुंचे। लंबे अर्से बाद जिले में लौटे लोगों ने कोरोना संक्रमण में सरकार की तरफ से मुफ्त राशन देने की योजना की जानकारी मिलते ही राशन कार्ड बनवाने शुरू कर दिए। इससे कार्ड धारकों की संख्या बढ़ी। 2020 में कार्ड धारकों की तादाद 4.68 लाख और वर्ष 2021 में कार्ड धारकों की तादाद बढ़कर 4.74 लाख हो गई। इसमें बीपीएल एवं अंत्योदय कार्ड धारकों के साथ ही बाहर से लौटे प्रवासी भी शामिल हैं। इन कार्डों में शामिल 19.92 लाख यूनिट में प्रत्येक यूनिट पर पांच किग्रा खाद्यान्न मुफ्त उपलब्ध कराया जाता है। इसमें तीन किग्रा गेहूं और दो किग्रा चावल शामिल होता है। मुंबई से लौटे राजकुमार, धीरेंद्र, उमाशंकर और परवेज का कहना है कि कोरोना संक्रमण के कारण उनका रोजगार छूट गया है, अभी भी वहां रोजगार के अवसर कम है, जिससे घर पर रहना मजबूरी है। मुफ्त राशन योजना से जीविकोपार्जन में सहयोग मिल जाता है। डीएसओ बृजेश कुमार मिश्र का कहना है कि कोरोना संक्रमण में सरकार की तरफ से संचालित योजना के तहत कार्ड धारकों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।