फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: अब मेडिकल कॉलेज में किडनी और मूत्र रोग का भी होगा इलाज

Thu, 11 Jun 2026 11:15 PM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
सिद्धार्थनगर। जनपद के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अब किडनी, मूत्राशय, प्रोस्टेट और मूत्र मार्ग से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए गोरखपुर या लखनऊ के बड़े अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। माधव प्रसाद त्रिपाठी चिकित्सा महाविद्यालय में यूरोलॉजी विभाग की शुरुआत हो गई है। इसके साथ ही यूरो सर्जन डॉ. अभिषेक कुमार गुप्ता (एमसीएच) ने मरीजों का इलाज भी शुरू कर दिया है। सिद्धार्थनगर के साथ-साथ बलरामपुर, श्रावस्ती, संतकबीरनगर और सीमावर्ती नेपाल क्षेत्र के मरीजों को भी लाभ मिल सकता है।
विज्ञापन

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार डॉ. अभिषेक कुमार गुप्ता की ओपीडी प्रत्येक सोमवार और बृहस्पतिवार को संचालित हो रही है। यहां किडनी स्टोन, प्रोस्टेट की समस्या, पेशाब में रुकावट, बार-बार संक्रमण, मूत्राशय संबंधी रोगों सहित विभिन्न यूरोलॉजिकल बीमारियों के मरीजों की जांच और परामर्श उपलब्ध होगा।
अब तक ऐसे मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सक की तलाश में गोरखपुर, लखनऊ या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। इससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत आती थी। कई मरीज दूरी और खर्च के कारण समय पर उपचार भी नहीं करा पाते थे। जिले में ही यूरोलॉजी विभाग शुरू होने से हजारों मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
विज्ञापन

उप प्राचार्य डॉ. हसमतुल्लाह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में यूरोलॉजी विभाग की शुरुआत जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा।

हर साल हजारों मरीजों को पड़ती थी बाहर जाने की जरूरत
- स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार किडनी, पथरी, प्रोस्टेट और मूत्र संबंधी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। जनपद और आसपास के क्षेत्रों में हर वर्ष 8 से 10 हजार से अधिक मरीज ऐसे होते हैं, जिन्हें यूरोलॉजी विशेषज्ञ की सलाह की आवश्यकता पड़ती है। इनमें बड़ी संख्या में किडनी स्टोन, प्रोस्टेट बढ़ने और मूत्र संक्रमण के मरीज शामिल रहते हैं। जिले में विशेषज्ञ सुविधा नहीं होने के कारण अधिकांश मरीज गोरखपुर, लखनऊ, वाराणसी या निजी अस्पतालों का रुख करते थे। एक मरीज के इलाज और जांच में यात्रा सहित 5 हजार से 50 हजार रुपये तक अतिरिक्त खर्च हो जाता था। गंभीर मामलों में कई बार मरीजों को कई चक्कर लगाने पड़ते थे।

जिले को मिलेगा यह फायदा
- मरीजों का समय और पैसा दोनों बचेगा।
- गंभीर बीमारियों की जल्द पहचान हो सकेगी।
- रेफरल का दबाव कम होगा।
- गरीब और ग्रामीण मरीजों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी।
- भविष्य में एंडोस्कोपिक और अन्य आधुनिक यूरोलॉजिकल सर्जरी की राह आसान होगी।

कोट...
माधव प्रसाद त्रिपाठी चिकित्सा महाविद्यालय में यूरोलॉजी विभाग की शुरुआत हो गई है। यूरो सर्जन डॉ. अभिषेक कुमार गुप्ता की सेवाएं शुरू होने से मरीजों को समय पर जांच और उपचार की सुविधा मिलेगी। हमारा प्रयास है कि मेडिकल कॉलेज में चरणबद्ध तरीके से सभी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं विकसित की जाएं ताकि जिले और आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें।
विज्ञापन

- डॉ. हसमतुल्लाह, उप प्राचार्य, माधव प्रसाद त्रिपाठी चिकित्सा महाविद्यालय, सिद्धार्थनगर।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें