संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कार्तिक पूर्णिमा के शुभ मुहूर्त पर शुक्रवार भोर में ही नदियों के घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ने लगा। श्रद्धालुओं ने भोर में डुबकी लगाकर पुण्यार्जन किया, जबकि धार्मिक अनुष्ठान हुए। स्नान दान के साथ घाटों पर मेला भी लगा, जहां लोगों ने खरीदारी और मनोरंजन भी किया, जबकि प्रमुख मंदिरों व परंपरागत स्थानों पर मेला लगा।
जोगिया क्षेत्र के बूढ़ी राप्ती ककरही नदी में कार्तिक पूर्णिमा पर करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने स्नान दान किया। ककरही वा योगमाया मंदिर परिसर मेले में जबरदस्त भीड़ उमड़ी है।
ब्रह्म मुहूर्त में श्रद्धालुओं ने ककरही में आस्था की डुबकी लगाकर गोदान भी किया। सुरक्षा के लिहाज से पुराने पुल पर आवागमन रोक दिया गया, जबकि घाटों पर बैरिकेडिंग एवं चेंजिंग रूम बनाए गए। सुरक्षा के मद्देनजर मेला परिसर में अस्थायी थाना बनाया गया है। थानाध्यक्ष जोगिया मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह घाट पर और मेले में सौ से अधिक पुलिस टीम लगी थी।
शाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर काफी श्रद्धालुओं ने राप्ती नदी में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद लोगों ने घाट पर स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर में पूजा-अर्चना की और दान किया। मंदिर में भी अन्य दिनों की अपेक्षा पूजा-अर्चना करने वालों की संख्या अधिक रही। कार्तिक पूर्णिमा के दिन स्नान-दान का विशेष महत्व है। मेले में काफी संख्या में लोगों ने खरीदारी की।
बांसी प्रतिनिधि के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर राप्ती नदी तट पर स्थित रानी मोह भक्त लक्ष्मी स्नान घट पर श्रद्धालुओं ने स्नान व दान किया।
शोहरतगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर बाणगंगा नदी के तट पर पतित पावनी मां गंगा में डुबकी लगाई। मोक्षदायिनी मां गंगा की पूजा-अर्चना कर आरती की। घाट पर ब्राह्मणों द्वारा गोदान, अन्नदान कर सुख-समृद्धि की कामना की। कोहरे ने सुर्य देवता को ढक देने पर सुर्य के दर्शन नहीं हुए ऐसे में श्रद्धालुओं ने सूर्य की पूजा कर अर्घ्य दिया।
भारतभारी प्रतिनिधि के अनुसार डुमरियागंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत भारतभारी में कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले आठ दिवसीय मेले के शुभारंभ की सुबह में श्रद्धालुओं ने प्राचीन शिव मंदिर के तीर्थ सरोवर तट पर गंगा स्नान किया। बिस्कोहर प्रतिनिधि के अनुसार बूढ़ी राप्ती नदी परसोहन घाट पर बृहस्पतिवार शाम को नगर अध्यक्ष बिस्कोहर अजय गुप्ता की ओर से मां गंगा की पूजा आरती कर अखंड रामाधुन की शुरुआत की गई। रामाधुन के शुभारंभ से ही पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। पूर्व शिक्षा मंत्री डा. सतीश द्विवेदी ने, नगर अध्यक्ष इटवा विकास जयसवाल, दुलारे गुप्ता सहित क्षेत्र के तमाम श्रद्धालु मौजूद रहे।
कार्तिक पूर्णिमा पर बघिनी घाट पर लगने वाले मेले की बढी रौनक : पथरा। पथरा क्षेत्र के राप्ती तट पर बघिनी नानकार में कार्तिक पूर्णिमा के दिन लगने वाले मेले में नदी के पार के लोग पहली बार नदी पर नव निर्मित सेतु से नदी पार कर मेले में पहुंचे। पिछले साल तक इन लोगों को लकड़ी की नाव मे बैठकर आना पड़ता था। दो बर्ष पूर्व यहां सेतु का निर्माण शुरू हुआ था, जो अब पूरा हो चुका है।
5100 दीपों से जगमग हुआ राप्ती तट : बांसी। दीपावली पर सपा के पूर्व डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी पुर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी उर्फ़ कुशल तिवारी ने ककरही घाट पर 5100 दीप प्रज्वलित कर बूढी राप्ती नदी पर दीपदान किया। दीपदान के पहले कुल नौ कन्याओं तथा बटुक भैरव पूजा की ।
21 विद्वान आचार्यों ने विधिवत मंत्रो द्वारा यह शुभ का कार्यक्रम को शुरू किया।इस दौरान नपा अध्यक्ष बांसी चमन आरा, जिला पंचायत सदस्य अनीता द्विवेदी,राष्ट्रीय स्वाभिमान मंच के आर एस पांडेय, डा. बी एन त्रिपाठी, सत्यप्रकाश द्विवेदी , रज्जन पांडेय, जितेन्द्र त्रिपाठी,पंकज पांडेय, मोनू चतुर्वेदी, ज्ञानेंद्र द्विवेदी , प्रेम प्रकाश मिश्र, दिनेश धर द्विवेदी,अंबिका मिश्र, मंगेश दूबे,सुर्य प्रकाश धर द्विवेदी,पियूष बाजपेई,सज्जन त्रिपाठी आदि मौजूद थे ।
ककरहवा : भारत नेपाल सीमा पर बहने वाली कूड़ा नदी के तट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार की भोर से ही भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने आस्था एवं श्रद्धा की डुबकी लगायी।
इस दौरान लोगो ने गौ दान किया तथा सीमा पर स्थित श्री राम जानकी मंदिर अजमा कुटी में पूजा अर्चना कर अपनी मन्नतें मांगी।मोहाना थानाध्यक्ष अनूप कुमार मिश्रा, ककरहवा चौकी इंचार्ज राकेश कुमार त्रिपाठी, एसएसबी 66वी बटालियन के हरिवंशपुर प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस एवं एसएसबी के जवान मुस्तैद रहे। वही नेपाल एपीएफ के निरीक्षक हेम बहादुर खड़का अपनी टीम के साथ पेट्रोलिंग करते रहे।